पटना समेत 12शहरों में बिगड़ी हवा की गुणवत्ता,अररिया,दरभंगा और आरा भी प्रदूषण की चपेट में;बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ के उल्लास के बाद बिहार में वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर होती नजर आ रही है। छठ महापर्व के बाद राजधानी पटना समेत राज्य के कई शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी पटना का औसत AQI 220 दर्ज किया गया है। वहीं, पटना के राजवंशी नगर में AQI 315 तक पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। इसके अलावा अररिया में 288, दरभंगा में 275 और आरा में 266 AQI दर्ज किया गया है। हाजीपुर में 259, भागलपुर में 239 और सहरसा में 238 AQI रिकॉर्ड किया गया।

पटाखे और वाहनों से बढ़ा प्रदूषण
छठ महापर्व के दौरान पटाखों के इस्तेमाल, वाहनों की आवाजाही और सड़कों पर उड़ने वाले धूल-कणों को प्रदूषण बढ़ने की संभावित वजह माना जा रहा है। इसके साथ ही ठंड, कोहरा और वातावरण में नमी के कारण प्रदूषक तत्व हवा में लंबे समय तक बने रह रहे हैं। बताया जा रहा है कि बिहार के कुल 12 शहरों में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता लोगों की सेहत के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।

बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर बढ़ा खतरा
वायु प्रदूषण का बढ़ता स्तर सांस संबंधी परेशानियों और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ा सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेषज्ञों की सलाह है कि प्रदूषण का स्तर अधिक रहने पर अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और खुले में व्यायाम करने से परहेज करें।

स्वच्छ हवा बनी बड़ी चुनौती
छठ महापर्व के दौरान आस्था और उत्साह का माहौल रहा, लेकिन पर्व के बाद प्रदूषण का बढ़ता स्तर बिहार के लिए नई चुनौती बन गया है। अब जरूरत है कि प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण के साथ धूल और धुएं को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को स्वच्छ हवा मिल सके।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट