गिरिडीह : बड़ी खबर गिरिडीह से है जहां पुलिस ने एक बार फिर 2 साइबर अपराधियों को धर दबोचा है. पकड़े गये अपराधियों के पास से 6 मोबाइल, 9 सिम कार्ड, एटीएम कार्ड,आधार कार्ड,पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त किया गया है.
मामले में साइबर डीएसपी आबिद खान ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस कप्तान डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पपरवाटांड़ स्थित एक घर में दो शातिर साइबर अपराधी जो कि अहिल्यापुर थाना इलाके के चिकसोरिया के रहने वाले हैं दोनों कई दिनों से रह कर साइबर ठगी कर रहे हैं. इस सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर साइबर डीएसपी आबिद खान के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी दल के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार अपराधी में अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया का रहने वाला संतोष मण्डल और तुलसी मण्डल शामिल हैं. गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से पुलिस ने 6 मोबाइल,9 सिम कार्ड,एटीएम कार्ड,1आधार कार्ड,1पैन कार्ड और 1ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि ये लोग साइबर ठगी करने के लिए बैंक ऑफ इंडिया,कैनरा बैंक,पीएम किसान सम्मान निधि योजना, कस्टमर सपोर्ट,इलेक्ट्रिक बिल अपडेट इत्यादि का apk का फर्जी लिंक भेजा कर लोगों के साथ ठगी करते हैं.
