रामपुर ओवरब्रिज के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस को मिली सफलता,दूसरा आरोपी मौके से फरार

अररिया(फारबिसगंज):मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फारबिसगंज पुलिस ने612ग्राम स्मैक के साथ पश्चिम बंगाल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की है। वहीं,बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

फारबिसगंज के डीएसपी राजकिशोर कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर स्मैक की बड़ी खेप लेकर फारबिसगंज आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद फारबिसगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

रामपुर ओवरब्रिज के पास पुलिस की कार्रवाई

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फारबिसगंज के रामपुर ओवरब्रिज के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर बाइक चालक को पकड़ लिया,जबकि दूसरा सवार मौके से फरार होने में सफल रहा।

गिरफ्तार युवक की पहचान मिर सलाम अली (28वर्ष),पिता मिर रिसु अली,निवासी कुमुलपुर,बापड़ा,मिरपाड़ा थाना,जिला मुर्शिदाबाद,पश्चिम बंगाल के रूप में बताई गई है। पुलिस ने उसके पास से612ग्राम स्मैक बरामद की और मोटरसाइकिल जब्त कर ली।

एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज

इस मामले में फारबिसगंज थाना कांड संख्या693/26,दिनांक24अक्टूबर2026के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस अब फरार आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इसके अलावा गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस की इस कार्रवाई को फारबिसगंज क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जाएगी।