PATNA :बिहार के सभी 29 हजार सरकारी मध्य विद्यालयों में कक्षा 6 से 8 के 31 हजार 982 शिक्षकों की बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से नियुक्ति होगी। इस नियुक्ति को लेकर शिक्षा विभाग द्वारा सभी 38 जिलों को पद बांटे गये हैं। अब जिलों के द्वारा तीन दिन के अंदर रोस्टर क्लियरेंस की कार्रवाई की जाएगी।


31 हजार से अधिक शिक्षकों की होगी नियुक्ति

पहली से 5वीं कक्षा के शिक्षकों की नियुक्ति की भांति ही कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों की नियुक्ति में भी महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों की नियुक्ति पहली बार बिहार लोक सेवा आयोग की लिखित परीक्षा के आधार पर होगी।

प्राथमिक शिक्षा निदेशक पंकज कुमार के हस्ताक्षर से सभी 38 जिलों को पद आवंटित करते हुए जिला पदधिकारी के स्तर पर तीन दिनों के अंदर रोस्टर क्लियरेंस के निर्देश दिए गये हैं। यह नियुक्ति पहली बार होगी इसलिए आरक्षण बिंदु एक से प्रारंभ होगा। जिलों को आदर्श रोस्टर बिंदु की प्रति भी भेजी गयी है।


युवाओं के लिए खुशखबरी, 31,982 शिक्षकों की होगी नियुक्ति, इस जिले में सर्वाधिक पद

गया जिले में सबसे अधिक पद

शिक्षा विभाग के मुताबिक गया जिले में कक्षा 6 से 8 तक के शिक्षकों के सर्वाधिक 1552 पद हैं। मुजफ्फरपुर जिले को 1534 पद मिले हैं। पूर्वी चंपारण को 1464 पद मिले हैं। पटना में 1269 पद हैं। सारण मे 1166, औरंगाबाद में 1123, मधुबनी में 1111, समस्तीपुर में 1094 और वैशाली में 1064 पद हैं।

कक्षा 1 से 5 तक क शिक्षक की योग्यता को लेकर फैसला जल्द

गौरतलब है कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) ने कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षक की योग्यता को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की सूचना सभी राज्यों के शिक्षा विभाग को पत्र के माध्यम से दी है। विदित है कि 11 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान के एक मामले में आदेश पारित किया था कि कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षक पद के लिए बीएड डिग्री की योग्यता नहीं है। इस पद के लिए डीएलएड और इसके समकक्ष डिग्री वाले ही योग्य होंगे।

इधर, शिक्षा विभाग इसको लेकर विधि विशेषज्ञों से विचार-विमर्श कर रहा है। माना जा रहा है कि राज्य सरकार जल्द ही इस संबंध में कोई फैसला लेगी।