पटना : बिहार की राजनीति में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर नया विवाद सामने आया है. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बॉडीगार्ड ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ अपमानजनक व्यवहार किया. इस घटना को लेकर राजद ने भाजपा और जदयू दोनों पर सवाल उठाए हैं.
एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के बॉडीगार्ड ने निशांत कुमार को रोका और उनके सम्मान को ठेस पहुंचाई. उन्होंने इस घटना को लेकर भाजपा की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर सेतु का नामकरण किया जा रहा है, उसी के निरीक्षण के दौरान उनके पुत्र निशांत कुमार के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया गया.
राजद प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि इस पूरे मामले पर भाजपा और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का क्या रुख है? उन्होंने जदयू नेताओं की चुप्पी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को बताना चाहिए कि सत्ता और राजनीतिक स्वार्थ के बीच अपने नेताओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर वह आखिर कब आवाज उठाएगी.
एजाज अहमद ने जदयू पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने की राजनीति के कारण पार्टी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है. उन्होंने पूछा कि जदयू का जमीर कब जागेगा और वह अपने नेताओं के सम्मान के लिए कब खड़ा होगा?
हालांकि, यह पूरा मामला फिलहाल राजद प्रवक्ता के आरोपों के आधार पर सामने आया है. घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और इस विवाद ने बिहार की सियासत में नया मुद्दा खड़ा कर दिया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
