पटना : बिहार पुलिस मुख्यालय ने जुलाई और अगस्त 2026 में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का आंकड़ा जारी किया है. पुलिस के अनुसार दोनों महीनों में कुल 73,720 अपराधियों और अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई. जुलाई में 36,788 और अगस्त में 36,932 गिरफ्तारियां हुईं.

आंकड़ों के मुताबिक जुलाई में 1,231 और अगस्त में 1,247 फरार एवं वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. वहीं,जुलाई में 2 और अगस्त में 5Extremistकी गिरफ्तारी हुई.

गंभीर कांडों में भी पुलिस ने कार्रवाई की. जुलाई में हत्या के 486 और अगस्त में 412 मामलों में गिरफ्तारी हुई. डकैती के मामलों में जुलाई में 96 और अगस्त में 47 गिरफ्तारियां दर्ज की गईं. लूट के मामलों में जुलाई में 171 और अगस्त में 158 लोगों की गिरफ्तारी हुई.

अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया. जुलाई में 409 और अगस्त में 349 अवैध हथियार बरामद किए गए. दोनों महीनों में बड़ी संख्या में गोली-कारतूस बरामद हुए. अगस्त में 44,650 गोली-कारतूस बरामद किए गए.

मादक पदार्थों की बरामदगी में अगस्त में 594.642 किलोग्राम गांजा और 3,725.559 ग्राम अफीम शामिल है. इसके अलावा जुलाई-अगस्त में भारी मात्रा में अवैध शराब भी जब्त की गई.

बिहार पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-