सासाराम : बिहार में पंचायत चुनाव का इंतजार कर रहे लोगों के लिए पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने अहम जानकारी दी है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव की तारीखें राज्य सरकार या पंचायती राज विभाग नहीं, बल्कि चुनाव आयोग तय करेगा. फिलहाल पंचायतों के परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है. इसके पूरा होने के बाद ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने की उम्मीद है.
चुनाव आयोग तय करेगा तारीख
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि बिहार में पंचायत चुनाव कब होंगे, इसका फैसला चुनाव आयोग करेगा. उन्होंने बताया कि आयोग की ओर से पंचायतों के परिसीमन का काम किया जा रहा है. परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनाव की तारीखों और कार्यक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
मंत्री ने यह भी कहा कि परिसीमन का काम कब तक पूरा होगा, इसकी जानकारी चुनाव आयोग ही दे सकता है. ऐसे में फिलहाल पंचायती राज विभाग के स्तर पर चुनाव की तारीख घोषित करने को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया जा सकता.
लाखों लोगों को चुनाव कार्यक्रम का इंतजार
बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर संभावित उम्मीदवारों और मतदाताओं की नजर अब चुनाव आयोग पर टिकी है. परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की दिशा में आगे की कार्रवाई हो सकेगी.
दीपक प्रकाश ने ये बातें सासाराम में एक निजी होटल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही.
फिलहाल पंचायत चुनाव की तारीखों को लेकर कोई निश्चित समयसीमा सामने नहीं आई है. ऐसे में चुनाव कब होंगे, यह परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने और चुनाव आयोग के आधिकारिक कार्यक्रम पर निर्भर करेगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
