खूंटी: झारखंड के खूंटी में फादर बेनेदिक बारला पर हुई गोलीबारी की घटना के विरोध में बुधवार को लोगों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। घटना से नाराज सैकड़ों महिला-पुरुषों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खूंटी मुख्य पथ स्थित भगत सिंह चौक को जाम कर धरना दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इसके साथ ही लोगों ने पूरे खूंटी शहर को बंद कराने का प्रयास किया।

स्कूल परिसर में फादर पर हुआ था हमला

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात खूंटी स्थित आरसी बालक मध्य विद्यालय के कार्यालय में फादर बेनेदिक बारला पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उन पर लोहे की रॉड से वार किया और फिर गोली चला दी। पेट में गोली लगने से फादर गंभीर रूप से घायल हो गए।

बुधवार सुबह वह विद्यालय के कार्यालय में अचेत अवस्था में मिले। इसके बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, खूंटी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया।

भगत सिंह चौक पर प्रदर्शन,आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग विरोध प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने भगत सिंह चौक पर सड़क जाम कर धरना दिया। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि हमले में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाए और घटना के पीछे की वजह का खुलासा किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

एसपी समेत पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलने पर खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह जमुदा और संबंधित थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और जांच शुरू की।

पुलिस विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

हमले कीजांच में जुटी पुलिस

फादर बेनेदिक बारला पर गोलीबारी की घटना के बाद खूंटी में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।

वहीं, पुलिस का ध्यान हमलावरों की पहचान करने, घटना के कारणों का पता लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है। मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आने की उम्मीद है।

खूंटी से नैयर की रिपोर्ट