पटना : बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में ग्रामीण कार्य विभाग के पूर्व इंजीनियर अजीत कुमार दास के छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। गुरुवार को निगरानी विभाग की अलग-अलग टीमों ने पटना, नवगछिया, कटिहार, सासाराम, मुंगेर और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में स्थित उनके परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया।
यह कार्रवाई निगरानी थाना कांड संख्या 137/26 के तहत दर्ज मामले में की गई है। अजीत कुमार दास ग्रामीण कार्य विभाग के सासाराम डिवीजन में क्वालिटी कंट्रोल के पूर्व इंजीनियर रह चुके हैं। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, जांच के दौरान उनके ज्ञात और वैध आय के स्रोतों से करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित किए जाने का मामला सामने आया है।
प्रारंभिक जांच में आय से अधिक संपत्ति का आकलन किए जाने के बाद निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(b) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद संबंधित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान निगरानी टीमों द्वारा विभिन्न परिसरों में उपलब्ध दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। कार्रवाई का उद्देश्य कथित आय से अधिक संपत्ति से संबंधित साक्ष्य जुटाना और संपत्ति के स्रोतों की पड़ताल करना है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से बताया गया है कि इस कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी। छापेमारी में क्या-क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं, इसका खुलासा आधिकारिक जानकारी आने के बाद ही हो सकेगा।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
