पटना : भाकपा-माले के बिहार राज्य सचिव कुणाल ने आज संविधान दिवस के अवसर पर बेतिया में पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी और हाउस अरेस्ट किए जाने की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा कि बेतिया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम के पहले पुलिस ने भाकपा-माले राज्य कमिटी सदस्य एवं आरवाईए नेता फरहान रजा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पार्टी नेता सुनील कुमार राव को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। यह कार्रवाई लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने और सरकार के खिलाफ उठने वाले सवालों को कुचलने की कोशिश है। अपराधियों को पकड़ने की बजाए नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है।

कुणाल ने सवाल किया कि आखिर भाजपा भाकपा-माले के नेताओं से इतना डर क्यों रही है? क्या मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना अब अपराध हो गया है? सरकार को बताना चाहिए कि बिना किसी लोकतांत्रिक विरोध के डर से नेताओं को गिरफ्तार और नजरबंद करने की जरूरत क्यों पड़ रही है?मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बिहार की जनता के सवालों का सामना करना चाहिए ,न कि गिरफ्तार कर के चुप कराना चाहिए

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश संविधान दिवस मना रहा है। एक तरफ भाजपा संविधान और लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का ढोंग कर रही है, वहीं दूसरी तरफ उसके शासन में संविधान प्रदत्त अभिव्यक्ति की आजादी, विरोध करने के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

भाकपा-माले राज्य सचिव ने फरहान रजा की अविलंब रिहाई और सुनील कुमार राव को हाउस अरेस्ट से मुक्त करने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध की आवाज को दबाने की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा सरकार का यह रवैया बेहद निंदनीय और लोकतंत्र पर सीधा हमला है।

अंकिता सिंह की रिपोर्ट-