BIHAR NEWS : सीनियर महिला वन डे ट्रॉफी (प्लेट)-बिहार बना चैंपियन, सिक्किम को 7 विकेट से हराया
पटना : Senior Women's One Day Trophy के फाइनल में बिहार महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया. Board of Control for Cricket in India (BCCI) द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला कटक के Barabati Stadium में खेला गया, जहां बिहार ने सिक्किम को 7 विकेट से पराजित कर ट्रॉफी जीत ली. खास बात यह रही कि बिहार की टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही.
सिक्किम 135 रन पर सिमटी
पहले बल्लेबाजी करते हुए सिक्किम की टीम 46.5 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट हो गई. समायिता ने 28,परिमला ने 20 और तबिता सुब्बा ने नाबाद 21 रन बनाए.
बिहार की ओर से खुशबू सी. कुमारी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 8.5 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट झटके. रचना सिंह और अपूर्वा कुमारी ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा. बिहार की टीम के द्वारा अनुशासित गेंदबाजी के सामने सिक्किम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी.
92 रनों की साझेदारी ने दिलाई जीत
136 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार टीम ने संयमित शुरुआत के बाद मैच पर पकड़ मजबूत कर ली. कप्तान प्रगति सिंह (45) और वैदेही यादव (नाबाद 54) के बीच 92 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी ने जीत की राह आसान कर दी. बिहार ने 35 ओवर में 3 विकेट खोकर 139 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.
अजेय अभियान,बेटियों ने बढ़ाया मान
इस जीत के साथ बिहार महिला टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया. टीम का संतुलित प्रदर्शन,रणनीतिक समझ और सामूहिक समन्वय इस खिताब की असली ताकत रही.
Bihar Cricket Associationके अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों के अनुशासन और मेहनत का परिणाम है. वहीं सचिव ज़िआउल आरफीन ने भरोसा दिलाया कि महिला क्रिकेट को आगे भी हर संभव संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे.
बिहार की बेटियों की इस ऐतिहासिक जीत ने राज्य का गौरव बढ़ाया है और आने वाले समय में महिला क्रिकेट के लिए नई प्रेरणा दी है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





