पटना :स्वीडन के क्लिटरबैडेट इंडोर स्विमिंग पूल में आयोजित होने वाली 'पैरा स्विम ओपन फाल्केनबर्ग इंटरनेशनल चैंपियनशिप' में बिहार के मधुबनी जिले के पैरा ओलंपियन शम्स आलम ने कांस्य पदक पाकर देश व राज्य का नाम रौशन किया है.
बातचीत करने के क्रम में पैरा एथिलीट शम्स आलम ने बताया कि 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले और 200 मीटर फ्रीस्टाइल इवेंट में हिस्सा लिया, जिसमें उन्होंने कांस्य पदक हासिल करके विदेश की धरती पर बिहार का परचम लहराया है.
स्वीडन में आयोजित पैरा-ओलंपिक गेम के बारे में अधिक जानकारी देते हुए शम्स ने बताया कि 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (SB4 कैटेगरी) में कांस्य पदक जीता है और इसी इवेंट में उन्होंने राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ा है. इसके अलावा जापान में होने वाले आगामी'एशियाई पैरा गेम्स 2026'के लिए तीनों इवेंट में क्वालिफाई भी कर लिया है.
एशियन रैंकिंग में 4वां स्थान व विश्व रैंकिंग में 10वां स्थान
मूलरूप से मधुबनी के बिस्फी प्रखंड के रथौस गांव निवासी शम्स आलम ने बताया कि 4वां स्थान व विश्व रैंकिंग में 10वां स्थान हासिल किया है. उन्होंने यह भी कहा कि मेरी यह उपलब्धि बिहार सरकार के सहयोग के बिना मुमकिन नहीं है. राज्य की प्रगति के लिए काम कर रही डबल इंजन की सरकार ने शम्स जैसे कई दिव्यांगजनों का सपना पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. फिलहाल वे दिल्ली में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स 2026 की तैयारी में पूरे दमखम से लगे हुए हैं.
