बिहार में पुलिस महानिदेशक के अतिरिक्त प्रभार को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। गृह विभाग ने 5 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी कर श्रीमती प्रीता वर्मा, भापुसे (1991) के डीजीपी के अतिरिक्त प्रभार को अगले आदेश तक जारी रखने का निर्णय लिया है।प्रीता वर्मा को इससे पहले 15 सितंबर 2026 के आदेश के तहत बिहार के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। अब गृह विभाग की ओर से जारी नई अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि उनका यह अतिरिक्त प्रभार अगले आदेश तक जारी रहेगा।प्रीता वर्मा वर्तमान में महानिदेशक-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं के पद पर कार्यरत हैं। इसी पद पर रहते हुए उन्हें बिहार के पुलिस महानिदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी। सरकार के ताजा आदेश के बाद वह आगे भी डीजीपी के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी संभालती रहेंगी।
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी और कार्रवाई के लिए इसकी प्रतिलिपि भेजी गई है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जबराज्य में आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर कानून-व्यवस्था की तैयारियां तेज हैं। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती और सोशल मीडिया निगरानी को लेकर पुलिस प्रशासन को विशेष निर्देश दिए गए हैं।अधिसूचना राज्यपाल के आदेश से गृह विभाग के अपर सचिव दीपक कुमार ने जारी की है। आदेश में 15 सितंबर के पूर्व जारी निर्णय का उल्लेख करते हुए अतिरिक्त प्रभार को अगले आदेश तक जारी रखने की बात कही गई है।
इस प्रशासनिक फैसले से फिलहाल बिहार पुलिस के शीर्ष पद पर प्रीता वर्मा की अतिरिक्त जिम्मेदारी जारी रहेगी।
पटना से संजय कुमार की रिेपोर्ट
