वैशाली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की वैशाली जनसभा के दौरान आत्मीय मुलाकात चर्चा में रही. शनिवार को सभा मंच पर पहुंचते ही पीएम मोदी ने निशांत कुमार को गले लगाया. कार्यक्रम के बाद भी दोनों के बीच गर्मजोशी देखने को मिली.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पहुंचे थे. कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच नवनिर्मित सिक्सलेन पुल का उद्घाटन करने के बाद वह वैशाली जिले के जाफरपट्टी में आयोजित जनसभा में पहुंचे. मंच पर पहुंचते ही पीएम मोदी ने वहां मौजूद नेताओं से मुलाकात की और निशांत कुमार को गले लगाया. निशांत कुमार बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री हैं.

करीब सवा घंटे कार्यक्रम स्थल पर रहे प्रधानमंत्री ने 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया.

भाषण समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री मंच पर मौजूद एनडीए नेताओं से बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने निशांत कुमार से भी बात की. निशांत ने पीएम मोदी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया. प्रधानमंत्री ने भी उनके गाल पर हाथ रखकर स्नेह जताया.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उनकी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की और उनके मार्गदर्शन में सम्राट चौधरी तथा उनकी टीम विकास के मिशन को आगे बढ़ा रही है.

पीएम मोदी और निशांत कुमार की इस मुलाकात की तस्वीरें राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-