BIHAR NEWS : जहानाबाद में 5 वर्षीय मासूम छात्र की निर्मम हत्या – भाकपा–माले ने की न्यायिक जांच व कड़ी सजा की मांग
जहानाबाद :जिले के कड़ौना थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदीपुर गांव स्थित निजी आवासीय स्कूल (गुरुकुल) में5वर्षीय मासूम छात्र आशू कुमार की अत्यंत निर्मम व अमानवीय तरीके से हत्या की घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. यह घटना न केवल मानवता को शर्मसार करती है,बल्कि निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है. माले राज्य सचिव कुणाल ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बच्चों पर हिंसा की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की.
भाकपा–माले के जांच दल ने मंगलवार को घटना स्थल एवं पीड़ित परिवार से मिलकर जो तथ्य सामने रखे हैं,वे अत्यंत भयावह हैं. जांच दल में राज्य कमिटी के सदस्य रामाधार सिंह और मुकेश पासवान शामिल थे.
घटना का विवरण
मृतक आशू कुमार (उम्र5वर्ष),पिता हरदेव यादव एवं माता सीतावी देवी,ग्राम बुलाकी बिगहा का निवासी था. उसे मात्र4दिन पूर्व, 1अप्रैल2026को उक्त गुरुकुल स्कूल के हॉस्टल में रखा गया था,जहां उसका बड़ा भाई रिशु कुमार (7वर्ष) पहले से रह रहा था.
घटना की रात (5अप्रैल) दोनों भाइयों को अलग-अलग कमरों में सुलाया गया.6अप्रैल की सुबह हॉस्टल संचालक द्वारा बड़े भाई को घटना की सूचना दी गई और परिजनों को फोन पर बताया गया कि बच्चा गंभीर स्थिति में है.
जब परिजन स्कूल पहुंचे,तो उन्होंने देखा कि बच्चा निर्वस्त्र,खून से लथपथ,गंभीर रूप से घायल अवस्था में कमरे में पड़ा हुआ था और इशारों में कुछ बताने की कोशिश कर रहा था. परिजन तत्काल उसे कनौदी स्थित महावीर इमरजेंसी अस्पताल ले गए,जहां से डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए पटना रेफर कर दिया. पटना के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया.
जांच दल के समक्ष आए भयावह तथ्य
परिजनों द्वारा बताए गए तथ्यों के अनुसार:
दोनों किडनी (पंजरी) के पास गहरे चीरे के निशान थे. गला रेता गया था. जननांग (पेशाब का अंग) को काटकर अलग कर दिया गया था. दाहिनी आंख के पास गंभीर घाव था.
ये सभी तथ्य इस घटना को एक सुनियोजित,बर्बर और क्रूर हत्या की ओर संकेत करते हैं.
जनाक्रोश और प्रशासनिक प्रतिक्रिया
घटना से आक्रोशित होकर6अप्रैल की सुबह ही बुलाकी बिगहा,गुहारी पर,कनौदी,मुठेर,लोदीपुर सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया. बाद में जहानाबाद के एसडीओ के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पोस्टमार्टम के लिए शव को जहानाबाद के बजाय पटना पीएमसीएच भेजा.
जांच दल के पहुंचने से पहले ही स्कूल में ताला बंद कर सभी बच्चों को घर भेज दिया गया था,जो संदेह को और गहरा करता है.
उक्त गुरुकुल स्कूल लोदीपुर गांव के पश्चिम स्थित है,जिसे गुहारी पर गांव के एक व्यक्ति द्वारा किराए पर लेकर उसके भगिना (नालंदा जिला,परवलपुर निवासी) के माध्यम से संचालित किया जा रहा था.
बुलाकी बिगहा गांव में लगभग80घर यादव एवं20घर पासवान समुदाय के हैं.
पीड़ित परिवार सहित गांव के लोग,यहां तक कि100वर्ष से अधिक उम्र के परदादा जगन्नाथ यादव भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं.
जांच दल की प्रमुख मांगें
1.घटना की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए.
2.दोषियों की शीघ्र पहचान कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाते हुए कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.
3.पीड़ित परिवार को समुचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता दी जाए.
4.निजी आवासीय स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच कर कड़े मानक लागू किए जाएं.
यह घटना केवल एक मासूम की हत्या नहीं,बल्कि संवेदनहीनता और प्रशासनिक लापरवाही का प्रतीक है. यदि दोषियों को शीघ्र और कठोर सजा नहीं मिली,तो जनआक्रोश और तेज होगा.
अंकिता की रिपोर्ट--





