Patna : पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र के दुल्ली घाट इलाके में शनिवार देर रात महिला की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, 60वर्षीय रेखा देवी उर्फ मंजू की उनके बेटे चिंटू ने कथित तौर पर मारपीट के बाद हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला. दरवाजा खोलने पर कमरे में महिला का शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के समय नशे में था. प्रारंभिक जांच में उसके नशे का आदी होने और मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. मृतका के देवर अमर साहनी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने की कोशिश के दौरान उसने छत से छलांग लगा दी, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. एक पड़ोसी ने महिला को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे काट लिया.
मौके पर पहुंची एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पड़ोसियों के अनुसार, आरोपी अक्सर नशे की हालत में अपनी मां से विवाद करता था. पुलिस की निगरानी में महिला का अंतिम संस्कार कराया जाएगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
