पलामू में सोमवार को अपराधियों ने पहले हथियार के बल पर बाइक लूट की घटना को अंजाम दिया और कुछ ही घंटे बाद उसी बाइक का इस्तेमाल कर लूट की दूसरी वारदात को अंजाम देने पहुंच गए। हालांकि, प्रज्ञा केंद्र लूटने की कोशिश के दौरान ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, सोमवार अहले सुबह करीब पांच बजे सतबरवा थाना क्षेत्र के एनएच-39 पर पोलपोल और पोखराहा के बीच अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर एक व्यक्ति से पल्सर बाइक लूट ली। भुक्तभोगी की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोदरमा कला निवासी विष्णु प्रजापति के रूप में हुई है। विष्णु प्रजापति लातेहार जिले के मनिका से अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोककर हथियार के बल पर उनकी पल्सर बाइक जेएच-03AQ-3836 लूट ली और फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने सतबरवा थाना पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि बाइक लूट की सूचना मिली है। पुलिस मामले का सत्यापन करते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। इधर, बताया जा रहा है कि बाइक लूटने के कुछ घंटे बाद अपराधी उसी बाइक का इस्तेमाल कर लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज में ग्रामीण बैंक ग्राहक सेवा केंद्र/प्रज्ञा केंद्र को लूटने पहुंचे थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्टल, बैग, खोखा और लूटी गई पल्सर बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक लूट और प्रज्ञा केंद्र लूट की कोशिश में इनके अलावा और कितने लोग शामिल थे तथा इलाके में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं से इनका कोई संबंध है या नहीं। एक ही दिन में बाइक लूट से लेकर प्रज्ञा केंद्र लूट की कोशिश तक हुई इस पूरी घटना ने पलामू में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।