Patna : पटना विश्वविद्यालय के महिला छात्रावासों में मेस के भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. विश्वविद्यालय के गंगा महिला छात्रावास में छात्राओं को परोसे जाने वाले भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई है. वहीं, शाम की चाय में पानी की मात्रा अधिक होने का भी आरोप लगाया गया है. हैरानी की बात यह है कि मेस का मासिक शुल्क बढ़ाकर 2800 रुपये कर दिया गया है, लेकिन भोजन की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ है.
गंगा छात्रावास में स्नातक की पढ़ाई करने वाली छात्राओं ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर बताया कि मेस में मिलने वाले भोजन में अक्सर कीड़े निकलने की शिकायत रहती है. छात्राओं को नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन तथा शाम की चाय मेस से उपलब्ध कराई जाती है. कुछ महीने पहले ही मेस का शुल्क 2500 रुपये से बढ़ाकर 2800 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया. यानी छात्राओं को हर महीने 300 रुपये अतिरिक्त देने पड़ रहे हैं.
मामले पर छात्रावास की वार्डन प्रो. नीरा चौधरी ने ऐसी किसी शिकायत की जानकारी से इनकार किया. अधीक्षक डॉ. सुरभि सुमन ने भी शिकायत से अनभिज्ञता जताई. हालांकि, मेस इंचार्ज अनिकेत ने स्वीकार किया कि पिछले महीने एक दिन खाने में कीड़ा मिला था.
दूसरी ओर, मगध महिला कॉलेज के महिमा और वैदेही छात्रावासों में भोजन की व्यवस्था को छात्राओं ने संतोषजनक बताया है. यहां प्रत्येक छात्रा से मेस के लिए 3800 रुपये प्रतिमाह शुल्क लिया जाता है. वार्डन प्रो. अर्चना जायसवाल ने भी व्यवस्था पर संतोष जताया.
पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष शांतनु शेखर ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के महिला छात्रावासों में मेस की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता ठीक नहीं है. उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से व्यवस्था में सुधार और नियमित निरीक्षण कराने की मांग की है. छात्राओं के स्वास्थ्य को देखते हुए अब प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
