झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। राज्य सरकार द्वारा इस विषय पर लाये गये राजकीय संकल्प का नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने सरकार पर इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। राज्य सरकार द्वारा इस विषय पर लाये गये राजकीय संकल्प का नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने सरकार पर इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। इसके अतिरिक्त, नेता प्रतिपक्ष ने विशेष सत्र बुलाने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किये। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने से पूर्व मंत्रिपरिषद की औपचारिक बैठक नहीं हुई, बल्कि कैबिनेट की स्वीकृति की प्रत्याशा में ही सदन आहूत कर लिया गया।
संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा सदन में प्रस्तुत किये गये आंकड़ों को खारिज करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार जिन आंकड़ों का हवाला दे रही है, वह मतदाता सूची अभी अंतिम रूप से प्रकाशित ही नहीं हुई है। उन्होंने तकनीकी अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रारूप मतदाता सूची में नाम न होना, किसी मतदाता को सत्यापन के लिए नोटिस जारी किया जाना और अंतिम रूप से नाम हटाया जाना—ये तीनों पूरी तरह अलग-अलग चरण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन सभी प्रक्रियाओं को एक साथ जोड़कर आम लोगों में भ्रम फैला रही है। मरांडी ने यह भी याद दिलाया कि एसआइआर कोई नयी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि पूर्व में कांग्रेस शासनकाल के दौरान भी इसे कई बार अपनाया जा चुका है, इसलिए इसे नागरिकता समाप्त करने की प्रक्रिया बताना तथ्यात्मक रूप से गलत है। फर्जी दस्तावेजों के मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जमशेदपुर में अफगानी नागरिक और राज्य के अन्य हिस्सों में ईरानी नागरिकों के मिलने की जानकारियां सामने आयी हैं। साथ ही, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किये जाने की खबरें भी मीडिया में आ रही हैं, जिनकी निर्वाचन आयोग द्वारा निष्पक्ष जांच होनी ही चाहिए। उन्होंने घुसपैठियों और शरणार्थियों के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि अवैध रूप से देश में रहने वाले लोग घुसपैठिये हैं, जबकि बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आने वाले हिंदू शरणार्थी हैं। अंत में उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग किसी विशेष समुदाय को निशाना नहीं बना रहा है, बल्कि केवल नियमों के तहत मतदाता सूची को अद्यतन कर रहा है।
