बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले महागठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान सामने आ गई है। कांग्रेस ने गुरुवार देर रात पांच सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की, जिनमें चार सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल पहले ही उम्मीदवार उतार चुका है। ऐसे में पटना शिक्षक, पटना स्नातक, कोसी स्नातक और दरभंगा स्नातक सीट पर कांग्रेस और RJD के प्रत्याशी आमने-सामने होंगे।कांग्रेस ने दरभंगा शिक्षक सीट से मौजूदा एमएलसी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को दोबारा मैदान में उतारा है। इस सीट पर RJD ने उम्मीदवार नहीं दिया है। यहां मदन मोहन झा का मुकाबला JDU के घनश्याम राय और जन सुराज के एसपी राय से होगा।
पटना शिक्षक सीट से कांग्रेस ने संजय यादव को टिकट दिया है, जबकि RJD ने संजीव कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। पटना स्नातक सीट पर कांग्रेस के असदुल्लाह खान और RJD के दिलीप कुमार के बीच मुकाबला होगा। कोसी स्नातक सीट से कांग्रेस ने मनोज कुमार जायसवाल को उतारा है, जबकि RJD के नितेश कुमार मैदान में हैं। दरभंगा स्नातक सीट पर कांग्रेस के रजनीकांत पाठक और RJD के अनिल कुमार झा के बीच मुकाबला होगा।
RJD ने इससे पहले 11 सितंबर को छह सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की थी। कांग्रेस नेताओं की ओर से सीट बंटवारे पर चर्चा नहीं होने की बात कही गई थी। हालांकि, नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर तक दोनों दलों के बीच सहमति बनने की संभावना बनी हुई है। मतदान 23 अक्टूबर और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
