पटना: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC)ने विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत आयोजित होने वाली मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया है. आयोग की ओर से परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर सूचना जारी की गई है. यह परीक्षा 27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित होनी थी. आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है.
परीक्षा रद्द होने की सूचना के बाद अभ्यर्थियों के बीच नई परीक्षा तिथि को लेकर सवाल उठने लगे हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य लिखित परीक्षा की नई तारीख की जानकारी अलग से जारी की जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें.
आयोग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है. अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे किसी भी अफवाह या अनधिकृत सूचना के आधार पर निर्णय न लें. परीक्षा की नई तारीख,कार्यक्रम और अन्य जरूरी निर्देश आयोग की ओर से आधिकारिक माध्यम से जारी किए जाएंगे.
इसके साथ ही आयोग ने अभ्यर्थियों को दलालों और बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी है. किसी व्यक्ति द्वारा परीक्षा से संबंधित जानकारी,तारीख या अन्य लाभ दिलाने के नाम पर संपर्क किए जाने पर सतर्क रहने को कहा गया है. संदेह होने की स्थिति में अभ्यर्थी इसकी सूचना पुलिस को दे सकते हैं.
आयोग ने दोहराया है कि परीक्षा से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट और आयोग की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं के माध्यम से ही प्राप्त होगी. अभ्यर्थियों से अपील है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहें.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
