कोडरमा जिले के सैनिक स्कूल तिलैया डैम में 19 सितंबर से चल रही राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आज भव्य समारोह के साथ समापन हुआ। पांच दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड और बंगाल के आठ सैनिक स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया, जिनके बीच वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, क्विज और डिबेट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल तिलैया ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया, जबकि सैनिक स्कूल गोपालगंज की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में सैनिक स्कूल तिलैया के प्राचार्य कर्नल एस. मोहन राव आर. ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया।

इस दौरान विभिन्न सैनिक स्कूलों से आए कैडेटों ने आकर्षक मार्च पास्ट भी प्रस्तुत किया। ओवरऑल चैंपियन बनने के बाद सैनिक स्कूल तिलैया के कैडेटों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लगातार मेहनत के बाद टीम को यह सफलता मिली है और उन्हें इस उपलब्धि पर गर्व है। कैडेटों ने यह भी बताया कि प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग राज्यों और स्कूलों से आए खिलाड़ियों से मिलने तथा उनकी सभ्यता और संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिला। वहीं प्राचार्य कर्नल एस. मोहन राव आर. ने बताया कि रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित सैनिक स्कूल सोसायटी की ओर से करीब चार वर्ष पहले इस प्रतियोगिता की शुरुआत की गई थी और इस बार इसके आयोजन की जिम्मेदारी सैनिक स्कूल तिलैया को मिली, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।