पटना : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में सहायक अभियंता रितेश कुमार और गोपालगंज की अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेर्णा सिंह के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई ने मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू की है. दोनों के खिलाफ लगभग 1 करोड़ 98 लाख 28 हजार 175 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है.

विशेष निगरानी इकाई, पटना की ओर से जारी सूचना के अनुसार, रितेश कुमार, सहायक अभियंता, नई राजधानी, अवर पथ प्रमंडल-2, पटना और डॉ. प्रेर्णा सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, गोपालगंज के विरुद्ध विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या 29/2026, दिनांक 23 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया है. यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथा संशोधित 2018) की धारा 13(2), सहपठित धारा 13(1)(b) और 12 के तहत दर्ज किया गया है.

निगरानी की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि आरोपियों ने लोकसेवक के रूप में सेवा अवधि के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए भ्रष्ट और अवैध तरीके से करीब 1,98,28,175 रुपये की संपत्ति अर्जित की है. यह संपत्ति उनकी वैध आय के ज्ञात स्रोतों से काफी अधिक बताई गई है.

विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर मंगलवार को एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है. पटना में आरोपियों के दो फ्लैट और रितेश कुमार के कार्यालय की तलाशी ली जा रही है. इसके अलावा रोहतास जिले में रितेश कुमार के दो पैतृक गांवों गोशलडीह और बिक्रमगंज में भी तलाशी अभियान चल रहा है.

वहीं, गोपालगंज में अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रेर्णा सिंह के आवास और कार्यालय में भी निगरानी की टीम तलाशी ले रही है. निगरानी के अनुसार, तलाशी अभियान जारी है. कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-