पटना/पूर्वी चंपारण: बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया नगर पंचायत के वार्ड पार्षद रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक और उनकी पत्नी किरण देवी के ठिकानों पर मंगलवार, 27अक्टूबर को तलाशी अभियान शुरू किया. किरण देवी केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद हैं. यह कार्रवाई आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या29/26के तहत की जा रही है.

आर्थिक अपराध प्रभाग की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर दोनों के खिलाफ ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया. मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित2018) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. तलाशी के लिए पटना स्थित विशेष निगरानी न्यायालय से वारंट प्राप्त किया गया है.

पांच ठिकानों पर तलाशी अभियान

आर्थिक अपराध प्रभाग की टीम ने मंगलवार को कुल पांच ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की. इनमें पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के चैनपुर स्थित पैतृक आवास, केसरिया बाजार में पेट्रोल पंप के पास स्थित निजी आवास, युवराज गैस एजेंसी का कार्यालय और गोदाम तथा केसरिया नगर पंचायत के सरकारी भवन में स्थित मुख्य पार्षद का कार्यालय शामिल हैं. इसके अलावा पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र के बालाजी नगर स्थित पार्क वेस्ट अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर बी-101में भी तलाशी की जा रही है.

यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टास्क फोर्स के सहयोग से की जा रही है.

ज्ञात आय से124.81प्रतिशत अधिक संपत्ति का आरोप

दोनों के पास ज्ञात आय के वैध स्रोतों से लगभग3करोड़56लाख65हजार118रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिला है. यह उनकी ज्ञात आय से लगभग124.81प्रतिशत अधिक बताई गई है.

आर्थिक अपराध प्रभाग ने कहा है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद मामले में विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-