PATNA : बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने एकबार फिर प्रदेश के सत्ताधारी दल जेडीयू पर तीखा प्रहार किया है। सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड को झूठ की यूनिवर्सिटी करार दिया है। साथ ही जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा पर तीखा प्रहार किया है।
'मुखिया का भी चुनाव नहीं जीत सकते नीतीश'
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फूलपुर से चुनाव लड़ने की बात पर सम्राट चौधरी ने तंज कसा और कहा कि वे बिहार में मुखिया का भी चुनाव नहीं जीत सकते तो फिर उत्तर प्रदेश छोड़ दीजिए। उन्होंने चैलेंज देते हुए कहा कि बिहार की किसी भी सीट पर चुनाव लड़कर दिखाएं, बीजेपी का कोई भी कार्यकर्ता 'कमल' निशान लेकर जाएगा और नीतीश कुमार की जमानत जब्त करा देगा।
"जेडीयू में नेता एक और सिद्धांत पलटीमार"
सम्राट चौधरी ने जेडीयू पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि ये एक गैंग है। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या वहां के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पता होता है कि नीतीश कुमार क्या कर रहे हैं? वहां के प्रदेश अध्यक्ष को पता होता है क्या? वहां तो एक नेता हैं और पलटीमार सिद्धांत है, उसे ही जनता दल यूनाइटेड कहते हैं। वहां कोई यूनाइटेड नहीं है। सिर्फ एक नेता हैं, जिनका बिहार की जनता बोझ उठाने के लिए भी तैयार नहीं है।
सम्राट चौधरी का जेडीयू को चैलेंज
इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश बाबू को आराम करना चाहिए लेकिन वे बिहार को कष्ट दे रहे हैं। इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने सत्ताधारी दल जेडीयू को बड़ी चुनौती देते हुए कहा कि अगर जनता दल यूनाइडेट में हिम्मत है तो वे बिहार में राष्ट्रपति शासन लगवाकर चुनाव करा लें। जेडीयू कोई पार्टी नहीं है। अगर वे सत्ता का दुरुपयोग नहीं करें जमानत जब्त हो जाएगी।
'नीतीश करते हैं सत्ता का दुरुपयोग'
वहीं, नीतीश कुमार पर प्रहार करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि जो आदमी सबसे अधिक सत्ता का दुरुपयोग करता है, वो नीतीश कुमार हैं। सबसे अधिक पदाधिकारियों को तंग करने का काम मुख्यमंत्री ही करते हैं। उनके कार्यक्रम में कहीं भीड़ जुटती है क्या? वे सिर्फ सत्ता का दुरुपयोग करते हैं। लालू प्रसाद जी का तो थोड़ा बहुत वोटबैंक है लेकिन नीतीश कुमार जी का क्या है? नीतीश जी सत्ता का दुरुपयोग न करें तो 5 व्यक्ति भी नहीं जुटेगा।
RJD सुप्रीमो पर साधा निशाना
वहीं, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद पर भी सम्राट चौधरी जमकर बरसे और कहा कि विदेश नीति पर सवाल खड़े करने वाले लालू प्रसाद को क्या पता है, उन्होंने तो पूरा रेल बेच दिया। पहले तो नौकरी के बदले जमीन लिया। पूरे रेल को बेचने की शुरुआत किसी नेता ने की तो वे लालू प्रसाद यादव हैं।
