Hindi News / मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में लगी भीषण आग, 14 घर जलकर राख, 50 लाख...

BIG NEWS : मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में लगी भीषण आग, 14 घर जलकर राख, 50 लाख की संपत्ति नष्ट

Edited By:  |
big news big news

मधेपुरा : बड़ी खबर मधेपुरा से है जहां उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित लोनिया चक मुहल्ला में शुक्रवार की शाम भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग लगने से करीब 14 परिवारों के घर जलकर राख हो गए और लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति नष्ट होने का अनुमान है. आग इतनी तेजी से फैली कि एक घर से शुरू होकर पूरे मुहल्ले को अपनी चपेट में ले लिया.

जानकारी के अनुसार,आग की शुरुआत गुड्डू ठाकुर नामक व्यक्ति के घर से हुई,जहां चूल्हे पर नाश्ता बनाया जा रहा था. इसी दौरान निकली चिंगारी ने फूस के घर को आगोश में ले लिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया.

इस घटना में जिन लोगों के घर जले उनमें अरुण ठाकुर,वरुण ठाकुर,कैलाश ठाकुर,तरुण ठाकुर,गुड्डू ठाकुर,संजय ठाकुर,बुलटन ठाकुर,गोपाल मंडल,सनोज मंडल,राजेंद्र मंडल और रामप्रवेश मंडल सहित अन्य परिवार शामिल हैं. सभी पीड़ितों का घर और उसमें रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया.

घटना के संबंध में सनोज मंडल ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपये नकद और करीब ढाई लाख रुपये के जेवर घर में रखे थे,जो आग में जल गए. 15 तारीख को होने वाला तिलक समारोह अब संकट में पड़ गया है. अन्य पीड़ितों के भी नगदी,कपड़े,अनाज,बर्तन और फर्नीचर जल जाने से उनके सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है.

घटना के बाद स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए और चापाकल व मोटर की मदद से प्रयास किया. सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.

सूचना पर बीडीओ सह प्रभारी सीओ गुलजारी कुमार पंडित मौके पर पहुंचे और राजस्व कर्मचारी को भेजकर क्षति का आकलन शुरू कराया.

वहीं वार्ड पार्षद अजय मंडल,रमण कुमार राणा,नित्यानंद यादव,संतोष मंडल,अभिनंदन साह,नितीश राणा,पूर्व मुखिया उमेश यादव,बबलू यादव,अरुण मंडल और जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप मंडल भी घटना स्थल पर पहुंचे. सभी जनप्रतिनिधियों ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है.

मधेपुरा से राजीव रंजन की रिपोर्ट--