BIG NEWS : चाईबासा में एक बार फिर IED विस्फोट, 2 जवान घायल, एयरलिफ्ट कर भेजा गया रांची
चाईबासा : बड़ी खबर चाईबासा से है जहां सारंडा के घने जंगल एक बार फिर विस्फोट की आवाज से दहल उठे. बालिबा गांव के समीप चाराडेरा जंगल क्षेत्र में शनिवार को दिन के समय आईईडी ब्लास्ट हो गया. बम विस्फोट होने से सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया. इस विस्फोट में कोबरा 203 के हवलदार दिनेश कुमार राउत और जवान बजीन्दर सिंह घायल हो गए हैं. घायल दोनों जवान को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है.
बताया जा रहा है कि हवलदार दिनेश की हालत गंभीर है,जबकि दूसरे जवान को स्प्लेंटर लगा है और वह खतरे से बाहर है. सूत्रों के अनुसार,सर्च ऑपरेशन के दौरान यह धमाका हुआ. घायल जवानों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर लाकर प्राथमिक उपचार दिया गया. गंभीर रूप से घायल हवलदार दिनेश को बालिबा हेलीपैड से हेलिकॉप्टर के जरिए रांची भेजने की तैयारी की गई,ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके.
उल्लेखनीय है कि सारंडा जंगल क्षेत्र में भाकपा माओवादी संगठन के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर बड़े पैमाने पर संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है. बताया जा रहा है कि एक करोड़ के इनामी पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा समेत अन्य शीर्ष नक्सली नेताओं के सक्रिय होने की सूचना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरते हुए तलाशी अभियान तेज कर दिया था. इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ, झारखंड जगुवार और जिला पुलिस की संयुक्त टीम शामिल है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट बैटरी से ट्रिगर किया गया या पहले से जंगल में बिछाई गई आईईडी पर किसी जवान का पैर पड़ने से धमाका हुआ. सुरक्षा एजेंसियां दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं. घटना के बाद चाराडेरा और बालिबा से सटे पूरे जंगल क्षेत्र को सील कर दिया गया है. अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है. ड्रोन और स्निफर डॉग की मदद से गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. ग्रामीणों को एहतियातन जंगल की ओर जाने से सख्त मना किया गया है. एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि ऑपरेशन जारी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट--





