BIG NEWS : गोपालगंज में पारिवारिक विवाद से आहत मां ने दो बच्चों संग खाया जहर, तीनों की हालत स्थिर

Edited By:  |
big news big news

गोपालगंज: बड़ी खबर बिहार के गोपालगंज से हैजहां पारिवारिक कलह से परेशान महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ आत्मघाती कदम उठाया. यह घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर हाता टोला की है. हालांकि समय रहते इलाज मिलने से मां और दोनों बच्चों की जान बच गई. फिलहाल तीनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर हाता टोला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय निवासी भोला भगत की पत्नी लक्ष्मीना देवी ने कथित रूप से अपने दो पुत्रों को जहर खिला दिया और खुद भी जहर खा लिया. बताया जा रहा है कि महिला और उसके पति के बीच सुबह से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोश में आकर महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया. जहर खाने वाले बच्चों की पहचान 6 वर्षीय रिकल कुमार और 4 वर्षीय मतिज कुमार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तीनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के बाद राहत की खबर यह है कि मां और दोनों बच्चों की हालत में सुधार है और वे फिलहाल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. “समय पर अस्पताल लाए जाने की वजह से स्थिति नियंत्रण में है. तीनों की हालत स्थिर है.” घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस पारिवारिक विवाद के कारणों की गहराई से पड़ताल कर रही है.

यह घटना एक बार फिर समाज को सोचने पर मजबूर करती है कि पारिवारिक विवादों का समय रहते समाधान कितना जरूरी है. छोटी-छोटी बातों में लिया गया बड़ा फैसला मासूम जिंदगियों को खतरे में डाल सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे इलाके में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--