BIG BREAKING : छपरा में जहरील शराब पीने से 5 लोगों की मौत, 7 की गई आंखों की रोशनी

Edited By:  |
big breaking big breaking

छपरा : बड़ी खबर बिहार के सारण से है जहां जिले में कथित जहरीली शराब पीने से 5 लोगों की मौत हो गई है. वहीं 7 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है. सभी का सदर अस्पताल में इलाज जारी है. घटना के बाद पूरे जिले में जांच अभियान तेज कर दिया गया है. प्रशासन द्वारा दोनों मामलों की अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है.

जिला प्रशासन को जानकारी मिली कि बुधवार 11 मार्च को मशरक प्रखंड के एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई. बताया जाता है कि वह कई दिनों से बीमार थे और उन्होंने कई दिनों से भोजन भी नहीं किया था. परिजन उन्हें इलाज के लिए सीएचसी मशरक लेकर गए,जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया.

छपरा ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई. स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार,वह पहले से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और पारिवारिक कलह के कारण कई दिनों से खाना भी नहीं खा रहे थे. मृतक के चाचा ने भी बताया कि तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया था,लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

परिजनों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने स्थानीय मुकेश महतो के घर छापेमारी की,जहां से 26 लीटर देशी शराब बरामद की गई है. जब्त शराब की जांच कराई जा रही है.

इसी बीच 12 मार्च को पानापुर प्रखंड के एक अन्य व्यक्ति की पटना में इलाज के दौरान मौत होने की सूचना मिली. परिजनों द्वारा स्थानीय थाने को सूचना देने के बाद शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल छपरा में कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम के बाद विसरा को फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा.

प्रशासन के अनुसार दोनों मृतकों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है.

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार स्वयं पानापुर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं. वहीं सारण पुलिस और मद्य निषेध विभाग की टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है.

1 जनवरी 2026 से 9 मार्च तक जिले में कुल 27,005 छापेमारी की गई है. इस दौरान 1,430 मामले दर्ज किए गए और 2,291 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. साथ ही 1,30,103 लीटर शराब जब्त की गई है,जिसमें 91,606 लीटर देशी और 38,497 लीटर विदेशी शराब शामिल है. इसके अलावा 179 वाहनों को भी जब्त किया गया है.

वहीं पिछले दो दिनों यानी 11 और 12 मार्च को पानापुर और मशरक प्रखंड के कई गांवों में 160 जगहों पर छापेमारी की गई. इस दौरान 6 मामले दर्ज किए गए और 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया. छापेमारी के दौरान 1650 लीटर देशी शराब मौके पर ही नष्ट कर दी गई,जबकि 28 लीटर चुलाई शराब और 28.4 लीटर विदेशी शराब भी जब्त या नष्ट की गई.

जिला प्रशासन ने जिले के सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है. साथ ही कहा गया है कि यदि कोई संदिग्ध रूप से बीमार व्यक्ति इलाज के लिए आता है तो इसकी तत्काल सूचना प्रशासन को दी जाए.

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क करें. वहीं प्रशासन ने 5 लोगों की मरने की पुष्टि की है.

छपरासे मुकुंद कुमार सिंह की रिपोर्ट---