Hindi News / बेगूसराय में DEO ने स्कूल में छात्र की मौत पर प्रधानाध्यापक को किया...

BIG BREAKING : बेगूसराय में DEO ने स्कूल में छात्र की मौत पर प्रधानाध्यापक को किया सस्पेंड

Edited By:  |
big breakig big breakig

बेगूसराय : जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बछवाड़ा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय जहानपुर में लोहे की ग्रिल गिरने से दबकर छात्र की मौत की सूचना मिलने के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है.

दरअसल बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय जहानपुर में एक अत्यंत दुःखद घटना घटित हुई है,जहाँ विद्यालय परिसर में रखी लोहे की ग्रिल गिरने से सातवीं कक्षा के छात्र विवान राज (पिता: फूलो यादव) की मृत्यु हो गई.

अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार विद्यालय के वर्ग कक्ष के मुख्य द्वार के समीप लोहे की ग्रिल असुरक्षित स्थिति में रखी गई थी. विद्यालय अवधि के दौरान उक्त ग्रिल अचानक छात्र के ऊपर गिर गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया और विद्यालय परिसर का घेराव किया गया.

घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए बेगूसराय के जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने मामले की समीक्षा की , जिसमें प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि यह घटना विद्यालय के प्रधानाध्यापक की लापरवाही का परिणाम है. इसके आलोक में मध्य विद्यालय जहानपुर के प्रधानाध्यापक अमित कुमार को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, बेगूसराय निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन-यापन भत्ता देय होगा. संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई हेतु आरोप पत्र का गठन पृथक से किया जाएगा.

जिला प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.