रांची : दिल्ली से लौटते बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी हेमंत सोरेन पर हमलावर हो गये. उन्होंने हेमंत सरकार पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है. बाबूलाल ने कहा कि चंपाई सोरेन को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश थी. हेमंत सरकार अपने मंत्री की जासूसी करवा रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हार का डर सता रहा है. वो बौखला गये हैं. हेमंत सरकार पूरी तरह से अलोकतांत्रिक,असंवैधानिक निर्णय लेते हुए सत्ता का दुरुपयोग कर रही.
चंपाई सोरेन को हनी ट्रैप में फंसाने की थी साजिश
बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन पर आरोप लगाते हुए कहा कि इनका इतना नैतिक पतन हो गया है कि सत्ता पाने के लिए पिता समान चम्पाई सोरेन, लोबिन हेंब्रम, मां समान भाभी सीता सोरेन की क्या, वे किसी की भी बलि ले सकते हैं. ऐसा लग रहा कि वे औरंगजेब जैसा व्यवहार कर रहे हैं. साथ ही बाबूलाल ने कहा कि हाल के दिनों में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में हेमंत मंत्रिमंडल में शामिल कैबिनेट मंत्री चंपाई सोरेन की गतिविधियों,उनके झारखंड और राज्य से बाहर के दौरों पर कड़ी नजर रखने केलिए राज्य पुलिस की विशेष शाखा ने पुलिसकर्मियों को गुप्त तरीके से लगाया है. खबर तो यहां तक आ रही कि उन्हें हनी ट्रैप में भी फंसाने की योजना बनाई गई थी।
अपराध के मसले पर हेमंत सरकार को घेरा
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि दिल्ली पुलिस के समक्ष झारखंड स्पेशल ब्रांच के दो पुलिस कर्मियों ने इस बात को स्वीकार किया कि उन्हें चंपई सोरेन के मूवमेंट पर नजर रखने केलिए लगाया गया है. ऐसी संभावना भी है कि राज्य सरकार चम्पाई सोरेन सहित कई अन्य नेताओं की फोन टेपिंग भी करवा रही हो. कहा कि राज्य के माननीय न्यायाधीश गण पर भी निगरानी रखी जा रही है. साथ ही बाबूलाल ने कहा कि ये राज्य के लिये अत्यंत गंभीर और चिंतनीय है. अपराध के मुद्दे पर भी बाबूलाल ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी मस्त हैं,जेल से रंगदारी मांगी जा रही. दिनदहाड़े हत्याएं,बलात्कार,डकैती, जैसी घटाएं हो रही, लेकिन सरकार अपराधियों पर लगाम नहीं लगा पा रही. बल्कि पूरी ताकत राजनीतिक साजिश रचने, वसूली कराने, अपराधियों और दलालों को संरक्षण देने में लगा रही है.
जासूसी मामले की सिटिंग जज से जांच कराने की मांग
बाबूलाल ने कहा कि आज न्यायालय द्वारा सरकार की पुलिस प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर टिप्पणी और निर्देश मिल रहे लेकिन राज्य सरकार अपने अहंकार में पूरी तरह डूबी हुई है. साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य में अपराधियों, गुंडों, घुसपैठियों के द्वारा दहशत फैलाकर चुनाव जीतना चाहती है. साथ ही बाबूलाल ने कहा कि राज्य सरकार अवैध तरीके से खुफियागिरी और जासूसी करवा रही है. उन्होंने मामले की जांच राज्य के सिटिंग जज से कराने की मांग की साथ ही एडीजी स्पेशल ब्रांच को अविलंब निलंबित करने की मांग की. इन्ही पर चंपाई सोरेन की जासूसी करवाने का आरोप है.

