Hindi News / 495 करोड़ का नया रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स,गया रूट की ट्रेनों को मिलेगा बड़ा...

बिहारशरीफ : 495 करोड़ का नया रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स,गया रूट की ट्रेनों को मिलेगा बड़ा फायदा

Edited By:  |
biahrsarif biahrsarif

पटना:रेलवे बोर्ड ने बिहार के बिहारशरीफ में करीब 495 करोड़ रुपये की लागत से नया कोचिंग कॉम्प्लेक्स बनाने को मंजूरी दे दी है। पूर्व मध्य रेल के प्रस्ताव पर मिली इस स्वीकृति के बाद बिहारशरीफ-पावापुरी के बीच नए परिसर के निर्माण की तैयारी शुरू होगी। रेलवे के मुताबिक, यह कॉम्प्लेक्स राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

नए परिसर में ट्रेनों की सफाई, धुलाई, जांच और जरूरी मरम्मत की सुविधा उपलब्ध होगी। अभी गया रूट से चलने वाली कई ट्रेनों को रखरखाव के लिए पटना के राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स लाना पड़ता है। नया केंद्र बनने के बाद ट्रेनों का अनुरक्षण स्थानीय स्तर पर ही किया जा सकेगा। इससे समय और परिचालन संसाधनों की बचत होगी।

रेलवे ने पहले शेखपुरा और बिहारशरीफ में परिसर बनाने के विकल्प पर विचार किया था। सर्वे और परिचालन की जरूरतों के आधार पर बिहारशरीफ को इसके लिए अधिक उपयुक्त माना गया। बजट उपलब्ध होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा और रेलवे का लक्ष्य करीब दो वर्ष में परियोजना पूरी करने का है।

गया रूट पर ट्रेनों की संख्या और परिचालन का दबाव लगातार बढ़ रहा है। पटना से नवादा तक सीधी रेल कनेक्टिविटी विकसित होने से बिहारशरीफ, नवादा और आसपास के क्षेत्रों का रेल संपर्क भी मजबूत हुआ है। नया कोचिंग कॉम्प्लेक्स बनने से ट्रेनों की समय पर सफाई और मरम्मत में तेजी आएगी। इसका सीधा लाभ ट्रेन संचालन की विश्वसनीयता बढ़ाने में मिलेगा और भविष्य में गया, नवादा, बिहारशरीफ और पटना के बीच अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के लिए भी आधारभूत ढांचा मजबूत होगा।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट