वैशाली : जिले के बेलसर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. क्षेत्र के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय से 12वीं कक्षा की दो छात्राएं अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गईं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा गया. परिजनों ने स्कूल की दो शिक्षिकाओं और एक कार चालक पर छात्राओं को जबरन कार में बैठाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है.
परिजनों के अनुसार,दोनों छात्राएं रोज की तरह स्कूल गई थीं,लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटीं. काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया. आरोप है कि कुछ छात्र-छात्राओं ने दोनों लड़कियों को स्कूल की ही दो शिक्षिकाओं के साथ एक सफेद कार में जाते हुए देखा था.
घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बेलसर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी. परिजनों का आरोप है कि यह मामला प्रेम-प्रसंग का नहीं बल्कि सुनियोजित अपहरण और मानव तस्करी का हो सकता है. उन्होंने दोनों छात्राओं की जान को खतरा बताया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलसर पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज कर ली है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है. वहीं नामजद दोनों शिक्षिकाएं फिलहाल फरार बताई जा रही है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि लापता छात्राओं की बरामदगी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है. पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इधर, घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा है और अभिभावक अपनी बच्चियों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं.
ऋषभ कुमार की रिपोर्ट –
