नई दिल्ली : बिहार में सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग और आधारभूत संरचना के विकास को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बिहार में सड़क नेटवर्क के विस्तार, कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने को लेकर सार्थक चर्चा हुई.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ बिहार में सड़क एवं राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत हुई.
इस मुलाकात को बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. राज्य में बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित होने से आवागमन सुगम बनाने, व्यापारिक गतिविधियों को गति देने और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने बिहार की आधारभूत संरचना को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्री के साथ विचार-विमर्श किया. हालांकि, मुलाकात के बाद किसी नई परियोजना, वित्तीय स्वीकृति या निर्माण कार्य की आधिकारिक घोषणा फिलहाल नहीं की गई है.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
