मुजफ्फरपुर : शारदीय नवरात्र में चारों तरफ भक्तिमय माहौल है. मां दुर्गा की मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ रही है. मुजफ्फरपुर के कटरा स्थित मां चामुंडा मंदिर में भी रोजाना हजारों श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं.

51 शक्तिपीठों में शामिल है मुजफ्फरपुर का कटरा चामुंडा स्थान, रामायण काल से जुड़ी है मान्यता

जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बागमती नदी के किनारे स्थित इस मंदिर को लेकर कई पौराणिक मान्यताएं प्रचलित हैं. मान्यता है कि यहां माता सती का स्कंध यानी कंधा गिरा था. वहीं,पौराणिक कथाओं के अनुसार,मां चामुंडा राजा जनक के भाई कुशध्वज की कुलदेवी थी. कहा जाता है कि माता ने चंड-मुंड नामक राक्षसों का वध किया था. मंदिर के आसपास दानव वन से जुड़ी मान्यताएं भी प्रचलित हैं.

इस मंदिर में कई प्रमुख हस्तियां भी पूजा-अर्चना कर चुकी हैं. मंदिर प्रबंधन के अनुसार,पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर यहां दर्शन के लिए पहुंचे थे. वहीं,वर्ष 2010 में सीपी राधाकृष्णन ने सांसद रहते हुए मां चामुंडा की पूजा की थी. वर्ष 2025 में उपराष्ट्रपति बनने के बाद बिहार दौरे के दौरान उनके यहां पहुंचकर पूजा करने की भी जानकारी दी गई है.

मंदिर न्यास समिति के सचिव सुरेश प्रसाद साह के मुताबिक,सामान्य दिनों में भी दूर-दराज से सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं,जबकि नवरात्र के दौरान भक्तों की संख्या बढ़कर हजारों में पहुंच जाती है.

मुजफ्फरपुर से रविरंजन कुमार की रिपोर्ट-