दरभंगा में चोर-उचक्कों का बोलबाला हो गया है। चोर सामान्य लोगों के अलावा अब वीआईपी लोगों के घर पर भी हाथ साफ करने लगे हैं। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा के लक्ष्मीसागर स्थित आवास से मंगलवार की रात चोरों ने करीब 10 लाख रुपये के जेवर और नगद की चोरी कर ली। ये चोरी किराएदार शंभू झा के घर से हुई। किरायेदार घर में ताला बंद कर अपने चाचा के द्वादशा कर्म में शामिल होने गांव गए थे। रात में सुनसान घर में चोरों ने हाथ साफ कर लिया।
किरायेदार शंभू झा ने बताया कि वे घर में ताला बंद कर अपने दिवंगत चाचा के द्वादश कर्म में शामिल होने गांव गए थे। मंगलवार की रात चोरों ने घर का ताला तोड़ दिया और सोने-चांदी, हीरे के जेवर और कपड़े समेत करीब 1 लाख नगद चुरा लिए। उन्होंने कहा कि ये सारा सामान उनकी बहू और बेटी का था। बुधवार की सुबह जब वे घर पर आए तो देखा कि मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है और सारा सामान बिखरा पड़ा है। कमरे में जब उन्होंने अलमारी और सेफ़ को चेक किया तो वहां से गहने और नगद रुपए गायब हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत खराब है और कोलकाता में उनका इलाज चल रहा है। इसकी वजह से पूरे मकान में वे अकेले ही रह रहे थे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय थाना पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सदर एसडीपीओ कृष्णानन्द ने बताया कि थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी दी है। डॉ. मदन मोहन झा के मकान में रहनेवाले उनके एक किरायेदार के घर गहनों और करीब 91 हज़ार नकद की चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि इस घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस अधिकारियों की टीम बना दी गई है। जल्द घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा और चोरों की गिरफ्तारी हो जाएगी।
दरभंगा से गिरीश की रिपोर्ट

