5 साल पहले जिन महिलाओं की मांग पर बिहार में शराबबंदी लागू की गई, आज 5 साल बाद ज़हरीली शराब से मौत के बाद वही महिलाएं ज़हरीली शराब से घर के मर्दों की मौत पर मातम मना रही हैं। बेतिया और गोपालगंज में महिलाओं का ये दर्द बताने के लिए काफी है कि शराबबंदी कानून कागजों पर तो लागू है, लेकिन इस कानून को जिस पुलिस पर लागू करने की जिम्मेदारी है, वही पुलिस शराब माफिया से मिलकर ज़हरीली शराब के रुप में मौत बेचने में सहयोग करती है। बेतिया के नौतन की जिस दलित बस्ती में ज़हरीली शराब पीने से पुरुषों की मौत हुई, उस बस्ती की एक महिला ने स्थानीय पुलिस पर शराब माफिया से मिलीभगत के आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक बार-बार सूचना देने पर भी थानेदार से लेकर ऊपर तक के अधिकारी ने कार्रवाई नहीं की।
अगर पुलिस ने की होती कार्रवाई तो नहीं होती मौत !
सोचिए अगर महिलाओं की शिकायत पर समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती तो, आज बेतिया के नौतन में एक साथ 12 से ज्यादा लाशें नहीं उठती हैं। घरों में खुशियों के दिए जलाने के बजाए महिलाएं मातम नहीं मना रही होती। अस्पतालों में बेसुध और बीमार पड़े लोगों की भरमार नहीं होती।
ज़हरीले जाम के जानलेवा कहर में किसी का सुहाग छिन गया, तो किसी के सर से पिता का साया उठ गया। मृतक के परिजनों ने खुलकर कहा कि मौत शराब पीने से हुई है। महज 3 दिनों के अंदर बेतिया के नौतन में ज़हरीली शराब से अब तक 12 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं गोपालगंज में 11 की मौत की पुष्टि ज़िले के डीएम ने की है। यानी महज 3 दिनों के अंदर बेतिया और गोपालगंज में 23 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।
इस साल अब तक 70 से ज्यादा लोगों की ज़हरीली शराब से मौत
बेतिया और गोपालगंज के बीते तीन दिनों के दौरान की घटनाओं के पहले भी ऐसी कई बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। इस साल अब तक 70 से ज्यादा मौत जहरीली शराब पीने से हो चुकी है। इस साल जहरीली शराब से मौत की शुरुआत मुजफ्फरपुर में 17 और 18 फरवरी 2021 को कटरा थाना इलाके में पांच की मौत से हुई थी। फिर 26 फरवरी को भी मुजफ्फरपुर के मनियार स्थित विशनपुर गिद्दा में दो ग्रामीणों की मौत हो गई। जहरीली शराब से मौत के बड़ी घटना नवादा में होली के बाद हुई थी, जब टाउन थाना क्षेत्र के गांवों में 16 से अधिक लोगों की जान गई थी। होली के बाद ही जहरीली शराब से बेगूसराय के बखरी में दो, कोचा में चार, गोपालगंज के विजयपुर के मंझौलिया में तीन, मुफस्सिल के बरही बीघा में एक, रोहतास के करगहार में एक और कैमूर के टाउन थाना क्षेत्र में दो लोगों की मौत हो गई थी। जहरीली शराब से मौत की एक और बड़ी घटना जुलाई में पश्चिमी चंपारण में 16 की मौत के साथ चर्चा में आई थी। आगे सीवान के गुठनी में बीते 24 अक्टूबर को चार और इसके पहले वैशाली के राजापाकड़ में 12 अक्टूबर को एक की मौत की घटनाएं भी चर्चा में रहीं। फिर 28 अक्टूबर 2021 को भी मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र के रूपौली और विशहर पट्टी गांवों में जहरीली शराब ने आठ लोगों की जान ले ली। वहीं पिछले तीन दिनों में बेतिया और गोपालगंज में 23 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है । वहीं 5 सालों में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
सवाल है कि आखिर शराबबंदी वाले राज्य में ज़हरीली शराब पर लगाम कब? आखिर कब तक होती रहेंगी ज़हरीली शराब से मौत?
