अंडमान और उससे सटे उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने की संभावना, चक्रवात का आंशिक असर पड़ेगा झारखंड के ऊपर
RANCHI : म्यांमार में कम दबाव का क्षेत्र बना है. इसका प्रभाव झारखंड के ऊपर भी पड़ने लगा है. इससे मौसम का मिजाज बदलने लगा है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. 25 मार्च से राज्य में आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अंडमान और उससे सटे उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने की संभावना है जिसके 23 मार्च की सुबह म्यांमार में टकराने की संभावना है. इस चक्रवात का नाम 'असनी' है जो श्रीलंका ने दिया है. उन्होंने कहा कि इस चक्रवात का आंशिक प्रभाव झारखंड के ऊपर पड़ेगा. इससे मंगलवार से उत्तर पश्चिम झारखंड में हीट वेब की स्थिति बन रही थी, जो अब नहीं बनेगी. उन्होंने कहा कि हीट वेब खत्म हो गया है. इसके साथ ही अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी.मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटों में राज्य के उत्तर पश्चिम भाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई है. सबसे अधिक बारिश 2.4 एमएम डालटेनगंज में दर्ज की गई. वहीं अधिक तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में रिकॉर्ड किया गया है. हालांकि, न्यूनतम तापमान बोकारो में 22.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
