पति और ससुर के काम पर जाने के बाद हुई घटना,मृतका के ससुर को पुलिस ने हिरासत में लिया;पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी रामपुर असोई गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान राजापाकर निवासी प्रियंका के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब छह वर्ष पहले असोई गांव के सुभाष कुमार से हुई थी। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष की सास, ननद और ननदोई पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों के मुताबिक, घटना के दिन प्रियंका का पति सुभाष अपने पिता के साथ राजमिस्त्री का काम करने गया हुआ था। इसी दौरान घर में मौजूद उसकी सास, ननद और ननदोई ने पहले प्रियंका के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद तीनों आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि प्रियंका का अपनी सास, ननद और ननदोई के साथ पहले भी कई बार विवाद और झगड़ा हुआ था। हालांकि, हर बार आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया गया था। लेकिन इस बार आरोपियों ने उसकी बहन की हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी। इस दौरान मृतका के ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका के गले पर जख्म के निशान पाए गए हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह हत्या है या आत्महत्या, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

वैशाली से रिशभ कुमार की रिपोर्ट