बस स्टैंड और पेट्रोल पंप के आसपास कर रहे थे रेकी,कई मोबाइल फोन और 500रुपये के जाली नोटनुमा कागजात बरामद
मुंगेर: बिहार के मुंगेर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की आशंका के बीच पुलिस ने दिल्ली से पहुंचे तीन संदिग्धों को पकड़ा है। कोतवाली थाना पुलिस ने बस स्टैंड और सितारिया पेट्रोल पंप के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने इनके पास से कई मोबाइल फोन, 500-500 रुपये के जाली नोटनुमा कागजात और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के बस स्टैंड और सितारिया पेट्रोल पंप के आसपास कुछ संदिग्ध युवकों के घूमने और लोगों को अपने झांसे में लेने की कोशिश करने की सूचना पुलिस को मिली थी। बताया गया कि संदिग्ध युवक इलाके में रेकी कर रहे थे।

सूचना मिलते ही कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीनों युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

दिल्ली के रहने वाले हैं तीनों संदिग्ध
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों युवक दिल्ली के रहने वाले हैं। इनमें मो. तबरेज (करीब 19 वर्ष) और मो. आँद (करीब 26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, नाबालिग होने के कारण तीसरे संदिग्ध को निरुद्ध किया गया है।

कई मोबाइल फोन और संदिग्ध कागजात बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से नारजो और वीवो कंपनी के कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल उपकरणों में अलग-अलग IMEI नंबर होने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा 500-500 रुपये के मुड़े हुए जाली नोटनुमा कागजात और अन्य संदिग्ध सामान भी जब्त किए गए हैं।

पूछताछ में ठगी करने की बात आई सामने
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर दिल्ली से मुंगेर आकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने जिले में अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि नाबालिग के मामले में किशोर न्याय प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य बरामद सामान की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस कथित गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ गई है। अब जांच के बाद ही पूरे मामले और कथित ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट