बिहार की बेटी ने बढ़ाया मान : UPSC में जूही दास ने लाया 649वां रैंक,मां को दिया सफलता का श्रेय
किशनगंज:यूपीेएससी के फाइनल रिजल्ट में किशनगंज की बेटी ने पूरे राज्यभर का मान बढ़ाया है. शहर के खगड़ा प्रेमपुल की रहने वाली जूही दास ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. जूही को यह कामयाबी चौथे प्रयास में मिला है.अंतिम परिणाम में 649वीं रैंक हासिल हुआ है. जूही के इस उपलब्धि से परिवार, मोहल्ले और पूरे जिले में खुशी की लहर है. जूही दास खगड़ा प्रेमपुल निवासी स्वर्गीय निवारन दास और अन्निका दास की बेटी हैं.
इससे पहले वह अपने दूसरे और तीसरे प्रयास में साक्षात्कार तक पहुंच चुकी थीं, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका था. इस बार उसने दृढ़ संकल्प और मेहनत के दम पर सफलता हासिल की.जूही की सफलता की कहानी संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण है. साक्षात्कार से लगभग दस दिन पहले ही उनके पिता का बीमारी के कारण निधन हो गया था. इस कठिन परिस्थिति के बावजूद जूही ने हिम्मत नहीं हारी और साक्षात्कार में शामिल हुई. अंततः उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने परीक्षा में अंतिम रूप से सफलता प्राप्त की.
शिक्षा की बात करें तो जूही ने वर्ष 2015 में बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 9.4 सीजीपीए के साथ मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण हुई थी. इसके बाद वर्ष 2017 में विशाखापत्तनम के चैतन्या संस्थान से 92 प्रतिशत अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की. आगे की पढ़ाई उन्होंने कोलकाता से बीटेक कर पूरी की.
जूही ने बताया कु उसे यूपीएससी की तैयारी करने की प्रेरणा उनकी मां से मिली है. उन्होंने पूरी तैयारी मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी के माध्यम से की है. खास बात यह है कि जूही किसी भी कोचिंग संस्थान में नियमित रूप से अध्ययनरत नहीं थीं. जरूरत पड़ने पर वह कुछ संस्थानों से ऑनलाइन नोट्स मंगवाकर पढ़ाई करती थीं.
जूही ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां, परिवार के सदस्यों और मार्गदर्शक सपन कुमार दास और सुशोभन दास को दिया है. उनकी इस उपलब्धि पर जिले के लोगों ने खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.





