पटना: बिहार में शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC की चतुर्थ चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा TRE-4 के लिए शुक्रवार, 25 सितंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो रहे हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 32,388 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
अभ्यर्थी BPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर है। शुल्क जमा नहीं होने पर आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
TRE-4 में प्राथमिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक अलग-अलग पद शामिल किए गए हैं। प्राथमिक विद्यालय में 3,847 पद, मध्य विद्यालय में 8,563 पद, माध्यमिक विद्यालय में 3,877 पद और उच्च माध्यमिक विद्यालय में सबसे अधिक 16,101 पद निर्धारित किए गए हैं।
आयोग की ओर से विषयवार रिक्तियों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। हालांकि माध्यमिक स्तर पर बांग्ला, ललितकला, नृत्य, मैथिली, विशेष विद्यालय अध्यापक, अरबी और फारसी जैसे विषयों की रिक्तियां बाद में जारी होंगी।
उच्च माध्यमिक स्तर पर बांग्ला, भोजपुरी, मगही, मैथिली, पाली, प्राकृत, अरबी और फारसी विषयों की रिक्तियों की जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त होने के बाद जारी की जाएगी।
BPSC ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने पर TRE-4 परीक्षा एक से अधिक चरणों में आयोजित की जा सकती है। ऐसे में अभ्यर्थियों को आवेदन के बाद आयोग की वेबसाइट पर परीक्षा से जुड़ी आगामी सूचनाओं पर नजर बनाए रखनी होगी।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

