पाकुड़ के संग्रामपुर निवासी तनवीर आलम ने राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। मुखलेसुर रहमान के पुत्र तनवीर आलम ने 97 केजी वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की है।
22 वीं सीनियर झारखंड राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन सरायकेला खरसावां में किया गया था। जिसमें तनवीर ने बेहतरीन प्रदर्शन से गोल्ड मेडल जीता है। तनवीर के इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उन्हें बुधवार को पाकुड़ ज़िला कुश्ती संघ के संरक्षक सह एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कुश्ती संघ के सचिव प्रकाश सिंह, राजकुमार सिंह, उमर फारूक, जवाहर सिंह, प्रमोद नागालिया भी मौजूद थे। तनवीर ने अपने इस उपलब्धि का श्रेय माता पिता एवं प्रशिक्षक सहित खेल संघों के पदाधिकारी और सभी सदस्यों को दिया है। जिन्होंने हमेशा उन्हें प्रोत्साहित करने का काम किया।
पाकुड़ ज़िला कुश्ती संघ के संरक्षक सह एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अम्लान कुसुम सिन्हा ने कहा कि खेल के क्षेत्र में पाकुड़ के युवा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पाकुड़ जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। यह जिलावासियों के लिए गर्व की बात है। इससे दूसरे खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उनमें उत्साह बढ़ेगा। इस तरह राज्य स्तर पर इतने बड़े प्लेटफार्म पर गोल्ड मेडल हासिल करना वाकई में प्रशंसनीय है।पाकुड़ के युवाओं में हुनर की कमी नही है,अगर उन्हें सही प्लेटफॉर्म मिले जहाँ वो अपने हुनर को दिखा सके तो बहुत आगे छलांग मारने की जज्बा व जनून रखते है और वही बात करे सरकार व जिला प्रशासन की, तो ऐसे पदक हासिल करने वाले खिलाडियों को हर संभव प्रयास मदद की जरूरत है तो हमारा पाकुड़ जिला भारत के किसी कोने पर नाम रोशन कर सकता है।

