रांची:सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग बच्ची के मामले को लेकर झारखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। विधायक हो, पत्रकार हो या कोई अन्य व्यक्ति, कानून सबके लिए समान है।

रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बंधु तिर्की ने इस मामले को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मामला है और इसमें किसी भी तरह की राजनीतिक पक्षधरता नहीं होनी चाहिए। जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

बाबूलाल मरांडी से पूछा सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बंधु तिर्की ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि आखिर नाबालिग बच्ची उनसे कैसे मिली? यदि बच्ची ने उन्हें अपनी पीड़ा बताई थी, तो वे उसे लेकर सीधे पुलिस थाने क्यों नहीं गए? बंधु तिर्की ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामले में सभी संबंधित पक्षों को जांच में सहयोग करना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

दीपक प्रकाश पर भी साधा निशाना
भाजपा सांसद दीपक प्रकाश पर निशाना साधते हुए बंधु तिर्की ने महिला पहलवानों से जुड़े बृजभूषण सिंह प्रकरण का जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि जब महिला पहलवानों ने बृजभूषण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे, तब सांसद रहते हुए दीपक प्रकाश ने उनकी आवाज क्यों नहीं उठाई?

आदिवासी वोट बैंक की राजनीति से बचने की दी नसीहत
बंधु तिर्की ने भाजपा को नसीहत देते हुए कहा कि इस संवेदनशील मामले को आदिवासी वोट बैंक की राजनीति का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नाबालिग पीड़िता की पहचान और निजता का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और संबंधित लोगों से अपील की कि मामले की जांच को प्रभावित करने के बजाय सच्चाई सामने लाने में सहयोग करें।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
बंधु तिर्की ने दोहराया कि इस पूरे मामले में कानून को अपना काम करने देना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को उसके पद, राजनीतिक प्रभाव या पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।सिमडेगा विधायक से जुड़े इस मामले में अब राजनीतिक बयानबाजी के साथ-साथ निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। सभी की नजरें जांच की प्रगति और संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट