धनबाद : खबर है धनबाद की जहां अपनी पत्नी की विदाई कराने सिविल कोर्ट आए युवक ने पत्नी के वकील की पिटाई कर दी. घटना के बाद कोर्ट परिसर में हंगामा मच गया.

सिविल कोर्ट में उस समय काफी हंगामा मच गया जब अपनी पत्नी की विदाई कराने आए युवक ने पत्नी के वकील की पिटाई कर दी. इस संबंध में एक अधिवक्ता ने कहा कि आरोपी युवक सतीश अपनी पत्नी के खिलाफ दायर किये गए विदाई के मुकदमे में समझौता करने को लेकर आया हुआ था.

कोर्ट परिसर में मध्यस्थता प्रक्रिया के दौरान ‌‌दोनों में काफी बहस हो गई तब वकील साहब ने बीच-बचाव किया तो सतीश ने वकील साहब की ही धुनाई कर दी. सतीश ने बताया कि उसकी पत्नी दो माह से उससे अलग रह रही है. वहीं इस घटना के संबंध में बार एसोशिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि आए दिन वकीलों के ऊपर लगातार हमला हो रहा है जो काफी निंदनीय है.

आरोपी युवक के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपी युवक सतीश ने न केवल वकील के साथ मारपीट की बल्कि उसने न्यायिक कार्यवाही को भी बाधित किया है.