DANAPUR :बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव बदस्तूर जारी है। राजधानी पटना से सटे दानापुर इलाके में बेखौफ अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए डबल मर्डर की घटना को अंजाम दिया है।

पटना में डबल मर्डर से फैली सनसनी

दानापुर के खगौल थाना क्षेत्र में अपराधियों ने रिश्ते में साला और बहनोई की गोली मार कर हत्या कर दी है। मृतक जमुई के गोल्डन और भागलपुर के रहने वाले सवेंद्र बताए जाते हैं। इनको एक के बाद एक 6 गोलियां मारी गई है। गोली मारने वाले में विक्की और उसके साथी बताए जाते है।

शादी समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला इलाका, साला और बहनोई को उतारा मौत के घाट

शादी समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग

बताया जा रहा है कि दोनों अमित कुमार की शादी में शामिल होने जमुई से खगौल रोड स्थित रुद्रा मैरेज हॉल पहुंचे थे, जहां शादी के दौरान मुन्ना यादव, विक्की यादव और शुभम के साथ कहासुनी हो गई। उसके बाद यह लोग अपने 8 दोस्तों के साथ आए और जयमाला के दौरान पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे।

उसी दौरान गोल्डन और सवेन्द्र को गोली मार दिया और गोलियां बरसाते फरार हो गए। यह घटना रात तकरीबन 1 बजे के आसपास की बताया जा रही है। हत्या के पीछे शादी समारोह में आपसी विवाद सामने आ रहा है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। मौके पर 5 खोखे भी मौजूद हैं, जिसे एफएसएल की टीम द्वारा जांच की जा रही है।

तफ्तीश में जुटी पुलिस

गौरतलब है कि दानापुर थाना क्षेत्र में जितेंद्र की हत्या की गुत्थी पुलिस सुलझा भी नहीं पायी थी कि एकबार फिर डबल मर्डरकेस ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं।