Hindi News / डीसी-एसपी ने सख्त लहजे में कहा-अवैध भंडारण नहीं की जाएगी बर्दाश्त

सरायकेला में खनन टास्क फोर्स की बैठक : डीसी-एसपी ने सख्त लहजे में कहा-अवैध भंडारण नहीं की जाएगी बर्दाश्त

Edited By:  |
saraikela mein khanan task force ki baithak saraikela mein khanan task force ki baithak

सरायकेला: जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की उपस्थिति में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. डीसी ने अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण-परिवहन की रोकथाम पर समीक्षा कर सख्त दिशा-निर्देश दिए.

जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथि ने झारखंड मिनरल्स नियमावली और JMMC नियमावली में हुए संशोधनों की जानकारी दी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पूर्व बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों को ऑनलाइन माध्यम से संशोधनों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी जाए.

डीएमओ ने बताया कि जिले के खनन पट्टा क्षेत्रों और ईंट भट्टों का मैपिंग कार्य पूर्ण हो चुका है. इस पर उपायुक्त ने स्टोन क्रशरों और डीलर लाइसेंसधारियों को भी मैपिंग में शामिल करने और सभी प्रखंडों का स्पष्ट सीमांकन प्रदर्शित करने का निर्देश दिया.

बालू घाट और परिवहन पर सख्त निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिन बालू घाटों की नीलामी पूरी हो चुकी है,उनके संचालन के लिए ग्राम सभा की स्वीकृति यथाशीघ्र ली जाए। पाटा टोल प्लाजा से लंबित वीडियो फुटेज भी शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया.

जिला परिवहन पदाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी को खनिज परिवहन वाले वाहनों की नियमित जांच,तिरपाल की अनिवार्य ढंकाई और मासिक निरीक्षण प्रतिवेदन देने का निर्देश मिला. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को शेष ईंट भट्टों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन सौंपने को कहा गया.

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि एनजीटी अवधि के दौरान नदी तल से किसी भी प्रकार के अवैध खनन बर्दाश्त नहीं होगा. बालू के अवैध उत्खन-परिवहन पर रोक के लिए समन्वित-संयुक्त कार्रवाई की जाए.

एसपी निधि द्विवेदी ने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, संयुक्त छापेमारी और सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने अवैध खनन-परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

इस बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, जिले के सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि सहित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सदस्य एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे.