Hindi News / आवासीय विद्यालय में शिक्षकों का संकट,छात्राओं का प्रदर्शन दी चेतावनी

सरायकेला : आवासीय विद्यालय में शिक्षकों का संकट,छात्राओं का प्रदर्शन दी चेतावनी

Edited By:  |
saraikela saraikela

सरायकेला:खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड स्थित झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय एक बार फिर सुर्खियों में है। कुछ दिन पहले पानी की समस्या को लेकर चर्चा में आए इस विद्यालय में अब शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्राएं आंदोलन पर उतर आई हैं। 10वीं और 12वीं की छात्राओं का आरोप है कि शिक्षकों के अभाव में उनकी पढ़ाई और बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है।

छात्राओं ने की शिक्षकों की मांग

झारखंड आवासीय बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं ने शिक्षकों की मांग को लेकर विद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। छात्राओं का कहना है कि कई विषयों के शिक्षक नहीं होने से नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है। सूचना मिलने पर मीडिया मौके पर पहुंची और छात्राओं की समस्याओं को सुना।

ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने दिया समाधान काआश्वासन

मामले की जानकारी मिलने के बाद ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने छात्राओं से फोन पर बात कर उनकी मांगों को जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में एक माह पहले डीजी सेट लगाया गया था, लेकिन आज तक चालू नहीं हो सका है। विधायक ने जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त कराने का भरोसा भी दिया।

इंटरस्तर परसाइंस और कॉमर्स की पढ़ाई शुरू करने की भी मांग

इधर, कुकड़ू के प्रभारी अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी भी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जिला प्रशासन तक पहुंचाने और समाधान के लिए पहल करने का भरोसा दिया। छात्राओं ने यह भी मांग उठाई कि इंटर स्तर पर केवल आर्ट्स ही नहीं, बल्कि साइंस और कॉमर्स की पढ़ाई भी शुरू की जाए।

सात दिनों के अंदर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने परआंदोलन की चेतावनी

वहीं,छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि तीन से सात दिनों के भीतर शिक्षकों की नियुक्ति,डीजी सेट चालू करने और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगी. अब निगाहें जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग पर हैं कि आश्वासन कब तक हकीकत में बदलता है.