शराब तस्करी का खुलासा : वैशाली पुलिस ने 25 लाख का विदेशी शराब किया बरामद,मास्टरमाइंड फरार ट्रक जब्त
पटना: बिहार में शराबबंदी कानून की लगातार धज्जियां उड़ाई जा रही है. शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं. इस बारताजा मामला बिहार के वैशाली जिले का है. जहां पुलिस ने ट्रक से करीब 25 लाख की विदेशी शराब बरामद की है. शराब तस्कर ट्रक के अंदर तहखाना बनाकर और ऊपर चूना लादकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. शराब तस्करी का ये हाईटेक तरीका देखकर पुलिस भी हैरान रह गई. वैशाली जिले के बेलसर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध ट्रक को वाहन जांच के दौरान पकड़ लिया है.
बताया जा रहा है कि नगमा हनुमान चौक पर एक ट्रक के कई घंटों से खड़े होने की सूचना मिली थी. इसी सूचना पर बेलसर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक की तलाशी ली. इस दौरान कई लीटर शराब बरामद की गई.पहली नजर में ट्रक में चूने की बोरियां लदी हुई दिखीं, लेकिन जब पुलिस को शक हुआ और बोरियां हटाई गईं, तो नीचे बना गुप्त तहखाना देखकर सभी दंग रह गए. तहखाने में छुपाकर करीब 235 कार्टन विदेशी शराब रखी गई थी, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है.
पुलिस वाहन को देखते ही ट्रक चालक और शराब तस्कर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप पंजाब से लाई जा रही थी और मुजफ्फरपुर की ओर से वैशाली में प्रवेश किया था. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की डिलीवरी कहां होनी थी और इस नेटवर्क के पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है.
बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करों के नए-नए हथकंडे पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं. हालांकि, वैशाली पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी गई है. अब देखना होगा कि इस तस्करी के पीछे का मास्टरमाइंड कब कानून के शिकंजे में आता है.





