NEWS DESK : "लैंड फॉर जॉब स्कैम" मामले में लालू प्रसाद के साथ-साथ बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी के खिलाफ CBI द्वारा चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। इस मामले पर बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने करारा पलटवार किया है।
सम्राट चौधरी का पलटवार
बिहार बीजेपी प्रदेश दफ्तर में मीडिया से मुखातिब होते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि तेजस्वी यादव के मामले में तो सभी सबूत जेडीयू के लोगों ने दिया है और आज कार्रवाई हुई है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसा साजिशकर्ता दूसरा कोई नहीं है। वे लगातार बहुरूपिया की तरह काम करते हैं।
जेडीयू से पूछिए - कहां से आया डॉक्यूमेंट्स?
सम्राट चौधरी ने कहा कि डॉक्यूमेंट्स कहां से आया। ये डॉक्यूमेंट्स अगर जेडीयू ने दिया तो फिर फंसाने का काम दूसरा कैसे कर सकता है? जेडीयू से जाकर पूछना चाहिए कि ये डॉक्यूमेंट्स आपने दिया तो भारतीय जनता पार्टी कैसे फंसा सकती है।
इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद को जेल में किसने रखा। साल 1996 में पीएम एचडी देवेगौड़ा जी थे और लालू प्रसाद जी जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। अब बताइए, उस वक्त कौन सरकार थी। सीबीआई को किसने लाया।
'नीतीश-आरजेडी में नहीं बची है नैतिकता'
इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने कहा कि आरजेडी और नीतीश कुमार में कोई नैतिकता नहीं बची है। बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मैं तो देख रहा हूं कि जबतक वारंट नहीं आया, तबतक उन्होंने पद नहीं छोड़ा लेकिन नीतीश कुमार से जानना चाहता हूं कि नीतीश कुमार जी आपका क्या रोल है? आपने ही लालू प्रसाद को फंसवाया और आपने ही तेजस्वी यादव को फंसवाया।
सम्राट चौधरी ने कहा कि नैतिकता के आधार पर इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं है। लालू जी ने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा नहीं दिया था और अब तेजस्वी यादव भी इस्तीफा नहीं देने वाले हैं।

